सिधौली। क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित गड़िया हसनपुर कट के पास कार सवार दो रसूखदारों ने किसान व उनके पुत्र को कार से कुचलकर मारने का प्रयास किया। घटना में किसान को काफी चोट आई, उनकी कई हड्डियां भी टूट गईं। उनके पुत्र को भी चोट आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की ली है।
कस्बे के मोहल्ला प्रेमनगर दक्षिणी निवासी आशीष कुमार सिंह (45) पेशे से किसान हैं। उनके अनुसार वह रविवार को पुत्र आकर्षित सिंह (23) के साथ बाइक से अपने गांव मनिकापुर जा रहे थे। उधर, सिधौली के विवेकनगर निवासी हिमांशु जैन अपने साथी कमल रस्तोगी के साथ कार से लखनऊ की ओर जा रहे थे।
आरोप है कि रास्ते में महमूदाबाद चौराहे के पास कार की अगली सीट पर बैठे कमल रस्तोगी ने शीशा खोलकर आशीष के ऊपर मसाला थूक दिया। इस पर आशीष ने नाराजगी जाहिर की। आरोपियों ने अभद्रता करते हुए आशीष और उनके पुत्र का पीछा शुरू कर दिया।
आशीष ने अपनी जान बचाने के लिए बाइक सड़क किनारे उतार ली, क्योंकि आरोपी कार से उन्हें कुचलने का प्रयास कर रहे थे। इसके बावजूद आरोपियों ने तेज रफ्तार कार से बाइक सवार आशीष और उनके पुत्र को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी लखनऊ की तरफ भाग गए।
कार की टक्कर से आशीष की कॉलर बोन टूट गई और पसलियों में फ्रैक्चर हो गया। उनके पुत्र आकर्षित सिंह भी घायल हो गए। आकर्षित ने बताया कि दोनों आरोपी घटना के समय कार में ही शराब पी रहे थे। पीड़ितों का इलाज लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में जारी है। इंस्पेक्टर विजयेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।