सीतापुर। महोली इलाके में संक्रामक रोगों ने पांव पसारने शुरू कर दिया है। रविवार को किसुनापुर में 26 मरीज बुखार व बदन दर्द से पीड़ित मिले।
एक दिन पहले पीतमपुर में बुखार के 50 से अधिक मरीज सामने आए थे। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों गांवों में जाकर दवाएं वितरित कीं। मगर इस टीम में कोई चिकित्सक नहीं था। बल्कि फॉर्मासिस्ट के सहारे ही चेकअप कराकर दवाएं बांटी गईं।
महोली इलाके में संक्रामक रोगों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। रविवार को किसुनापुर में 26 मरीज ऐसे मिले, जिनको कई दिन से तेज बुखार आ रहा था।
आशा बहू ने इसकी सूचना सीएचसी प्रभारी को दी। इस पर टीम ने गांव पहुंचकर मरीजों का चेकअप कर दवाएं वितरित कीं।
जबकि एक दिन पहले पीतमपुर में 50 से अधिक लोग बुखार से ग्रसित मिले थे। फॉर्मासिस्ट आशुतोष रस्तोगी व एएनएम निरुपमा सिंह की टीम ने गुरुवार को दोनों गांवों में जाकर मरीजों को दवाएं दीं।
10 मरीजों की जांच के लिए स्लाइड बनाई गई। मगर टीम में एक भी चिकित्सक नहीं था। सीएचसी प्रभारी का कहना है दो ही चिकित्सक हैं। इनके जरिए सीएचसी चलाई जा रही है। सोमवार को बाल स्वास्थ्य गारंटी की टीम गांव भेजी जाएगी।