चोरी के बाद दुकान में छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : चोरी के बाद दुकान में छानबीन करती पुलिस।
सीतापुर। शहर कोतवाली के शास्त्री नगर मोड़ पर स्थित एक मोबाइल की दुकान को मंगलवार रात चोरों ने निशाना बनाया। नकब लगाकर चोरों ने दुकान से करीब 30 लाख के स्मार्टफोन पार कर दिए। यह प्रतिष्ठान नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु के रिश्तेदार की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, वारदात के बाद व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए मंडी चौकी इंचार्ज की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
मोहल्ला दुर्गापुरवा निवासी विनोद राठौर के अनुसार शास्त्री नगर मोड़ पर उनकी दुकान विनोद ट्रेडर्स के नाम से है। मंगलवार देर रात चोर दीवार में सीढ़ी लगाकर चढ़े और नकब लगाकर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान में रखे करीब 200 स्मार्टफोन पार कर दिए। बुधवार सुबह उन्हें वारदात की जानकारी हुई। पीड़ित के अनुसार करीब 30 लाख के स्मार्टफोन चोरी हुए हैं। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए लोगों के बयान दर्ज किए हैं। सीओ सिटी अमन सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मौके पर नकबजनी में इस्तेमाल किए गए हथियार भी मिले हैं। खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है।
दुकान की छत पर मिले खाली बॉक्स
चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उठा ले गए। दुकान की छत पर मोबाइल फोन के खाली बॉक्स भी बरामद हुए हैं। इससे साफ जाहिर है कि चोरों ने इत्मीनान से घटना को अंजाम दिया और पुलिस को खुली चुनौती दी है।
महज 150 मीटर की दूरी पर है पुलिस चौकी
विनोद राठौर की दुकान जिस स्थान पर है, वहां से मंडी पुलिस चौकी महज 150 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में व्यापारियों ने मंडी पुलिस चौकी की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विभू पुरी ने बताया कि इस तरह की चोरियां होंगी तो व्यापारी सुरक्षित तरीके से व्यापार ही नहीं कर पाएंगे। हम पुलिस अधीक्षक को तीन दिन का समय दे रहे हैं। इस अवधि में वारदात का खुलासा न हुआ तो व्यापार मंडल बड़ा आंदोलन करेगा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष सुशील अग्रवाल ने बताया कि अवांछित तत्व बाजार में घूमते रहते हैं। पुलिस कार्रवाई नहीं करती है, हमलोग एसपी से मिलकर ऐसे तत्वों पर कार्रवाई की मांग करेंगे।
एक साल पहले हुआ था विवाद
पीड़ित की दुकान में काम कर रहे कर्मचारियों का एक साल पहले पड़ोस के दुकान संचालक से विवाद हुआ था। मामले में केस दर्ज कर पांच लोगों को जेल भी भेजा गया था।इस मामले में विनाेद राठौर भी नामजद आरोपी बनाए गए थे, हालांकि बाद में उनका नाम हटा दिया गया था। पुलिस इस घटना को भी वारदात से जोड़ कर देख रही है। बताया यह भी जा रहा है कि पास में ही स्थित एक दुकान में लगा कैमरा पीड़ित की दुकान तक की फुटेज कवर करता है, वह एक दिन पहले ही खराब हो गया। इसकी भी जांच की जा रही है।