सीतापुर। कोतवाली देहात इलाके में चल रहे एक अवैध स्टैंड पर छापा मारकर उसे बंद करा दिया गया है। तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गुरुवार को एसडीएम सदर अनिल रस्तोगी, सीओ सदर प्रवीण कुमार और इंस्पेक्टर कोतवाली देहात मुकुल प्रकाश वर्मा ने श्यामनाथ मंदिर से आगे रेलवे क्रॉसिंग पीतपुर के पास चल रहे अवैध टैक्सी स्टैंड पर छापामार कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि स्टैंड चारागाह की भूमि पर संचालित था। किसी भी सक्षम अधिकारी ने स्टैंड चलाने की अनुमति नहीं दी थी।
इसके बावजूद भी कचनार, कस्ता जाने के लिए लगातार बसें, मैजिक संचालित हो रही थी। एसडीएम अनिल कुमार और सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि 12 बसों, 20 टैंपो और 19 वैन को सीज किया गया है। इसके अलावा गोडियनटोला निवासी संजय गुप्ता, अनिल कुमार और आजाद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।