सीतापुर। बिजली विभाग की एकमुश्त समाधान योजना का दूसरा चरण बुधवार को समाप्त हो जाएगा। इस चरण में उपभोक्ताओं को 70 फीसदी ब्याज पर छूट मिलेगी। उपभोक्ताओं को अगर इस छूट का लाभ लेना है तो वह अंतिम दिन पंजीकरण करवा सकते हैं।
एकमुश्त समाधान योजना तीन चरणों में चलाई जा रही है। पहले चरण में ब्याज पर सौ फीसदी की छूट मिली थी। दूसरे चरण में 70 फीसदी व तीसरे चरण में 50 फीसदी छूट मिलेगी। दूसरा चरण 15 जनवरी को पूरा हो रहा है। आखिरी दिन उपभोक्ता रात 12 बजे तक पंजीकरण करवाकर इसका लाभ ले सकते हैं। पहले चरण में जहां 26 हजार उपभोक्ताओं ने करवाया था। मंगलवार तक दूसरे चरण में 54 हजार उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले सकते हैं। तीसरा चरण 16 से 31 जनवरी तक चलेगा। उपभोक्ताओं के बेहतर छूट लेने का आखिरी मौका बुधवार है।
शहर के लोग जागरूक, ग्रामीण नहीं ले रहे रूचि
एकमुश्त समाधान योजना में जहां शहर के उपभोक्ता जागरूक हैं। वहीं ग्रामीण उपभोक्ता इस योजना में अधिक रूचि नहीं ले रहे हैं। अब तक हुए पंजीकरण में विद्युत वितरण मंडल प्रथम है। इस वितरण मंडल के तहत शहर व आसपास के ग्रामीण इलाके आते हैं। विद्युत वितरण मंडल द्वितीय दूसरे पायदान पर है। विद्युत वितरण मंडल बिसवां तृतीय व महमूदाबाद चौथे स्थान पर है।
शिविरों की बढ़ेगी संख्या
इस योजना के तहत वार्डवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ बताकर उनका पंजीकरण करवाया जा रहा है। अब तीसरे चरण में शिविरों की संख्या बढ़ेगी। मोहल्लेवार व प्रत्येक गांव में शिविर लगाए जाएंगे। इसके जरिए उपभोक्ताओं को बकाए जमा करने के लिए इस योजना के तहत पंजीकरण करवाया जाएगा।
बेहतर है मौका
उपभोक्ताओं के हित के लिए एकमुश्त समाधान योजना चल रही है। उपभोक्ता के पास बेहतर मौका है वह आखिरी दिन पंजीकरण करवाकर इसका लाभ ले सकते हैं।
रामशब्द, अधीक्षण अभियंता