सीतापुर। विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं को हर हाल में चार दिसंबर तक एसआईआर फार्म भरकर बीएलओ को देना है, जिन मतदाताओं को अब तक फार्म नहीं मिल सका है, वे तत्काल अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर एसआईआर फार्म प्राप्त कर लें, जिससे इसे समय से जमा किया जा सके।
जिले में नौ विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें मतदाताओं की संख्या 31 लाख 90 हजार 806 है। सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरना है। एसआईआर के तहत बीएलओ अपने क्षेत्र में गणना प्रपत्र बांटकर उन्हें भरवा रहे हैं। इसके अलावा अगर मतदाता ऑनलाइन फार्म भरना चाहते हैं तो वह भी सुविधा है। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर फार्म उपलब्ध है। इपिक आईडी व मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी की मदद से लॉगिन कर फार्म भर सकते हैं। ये सुविधा उनके लिए ही है जिनका नंबर वोटर आईडी कार्ड से लिंक है। अगर लिंक नहीं है तो ऑनलाइन फार्म नहीं भर सकेंगे। तब बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन फार्म भर सकते हैं। चार दिसंबर तक प्रत्येक दशा में फार्म भरकर जमा करना है। जिला निर्वाचन कार्यालय सहित सभी तहसीलों में हेल्प डेस्क संचालित की जा रही है। यहां से मतदाता एसआईआर संबंधित समस्या का समाधान करवा सकते है।
दो जगह से फार्म भरा या गलत जानकारी दी तो मुसीबत में पड़ेंगे
एक मतदाता को एक ही जगह से एसआईआर फार्म भरना होगा। अगर कोई मतदाता दो जगह से फार्म भरता है तो ये गलत होगा। इसके लिए उस पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। साथ ही फार्म में मांगी गई जानकारी भी तथ्यात्मक देनी होगी। इसमें गलत फैक्ट नहीं होने चाहिए। वर्ना भविष्य में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
यहां सावधानी जरूरी है
-फार्म में मोबाइल नंबर साफ-साफ लिखें।
-जन्मतिथि सही भरें।
-आधार नंबर वैकल्पिक है, अनिवार्य नहीं।
-फार्म को फाड़े नहीं, सुरक्षित रखें।
तो इसलिए जरूरी है
फार्म जमा करवाना अनिवार्य है, वरना नाम कट सकता है।
-पूरे देश में आपका नाम बस एक जगह रहेगा।
डीएम के आदेश पर बूथों पर भरवाए गए फॉर्म
एसआईआर के तहत गणना प्रपत्र भरने के कार्य को गति देने के लिए डीएम डाॅ. राजागणपति आर के निर्देश पर रविवार को विशेष अभियान चलाया गया। सभी बूथों पर बीएलओ की ओर से मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य किया गया। इससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के फार्म भरे गए। साथ ही जिन मतदाताओं को फॉर्म नहीं मिल सके थे, उनकी समस्या का भी समाधान हो गया। विशेष अभियान में लापरवाही न होने पाए, इसके लिए डीएम ने स्वयं बूथों का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश जिम्मेदारों को दिए।