सीतापुर। अगर आपको बिजली से संबंधित कोई सामान खरीदने इलेक्ट्रॉनिक वाली गली जाना है तो पैदल ही जाएं। यहां अगर किसी वाहन से गए तो आपको जाम का सामना करना पड़ा सकता है।
शहर स्थित छोटे हनुमान मंदिर से सटी इलेक्ट्रॉनिक वाली गली में अतिक्रमण की वजह से भीषण जाम लग जाता है। चबूतरे पर दुकान होने के बावजूद दुकानदार सड़क पर भी दुकान सजा लेते हैं। सुबह होते ही इनकी दुकान सड़क तक सज जाती है। दिनभर लोग इसकी वजह से जाम झेलते हैं। दुकान बंद बंद होने के समय पर ही लोग अपनी दुकान के बाहर रखे सामान को हटाते हैं। यहां कुछ दुकानदार ऐसे भी हैं, जिन्होंने नाली के ऊपर बने चबूतरे पर शटर लगा रखा है।
दिनभर कितना भी जाम लगा रहे, उनको इससे कोई मतलब नहीं होता। कोई बाइक वाला उनकी दुकान के सामने वाहन खड़ा कर दे तो वह लोग तुरंत उसकी बाइक हटवा देते हैं। जिससे जाम की समस्या और गहरा जाती है। इस गली की ओर कोई जिम्मेदार ध्यान नहीं देता। कभी अगर वहां जाकर कोई अधिकारी अतिक्रमण हटवा भी दे तो कुछ दिन बाद फिर दुकानदार सामान को सड़क पर रखने लगते हैं।
बाइकों से और गहरी हो रही समस्या
गली में इलेक्ट्रॉनिक की काफी पुरानी और थोक की दुकानें है। जिले भर से फुटकर दुकानदार यहां सामान खरीदने आते हैं, जो अपना वाहन सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। जिससे भी अधिक जाम लगता है। इस गली में कुछ छोटी गलियां तो ऐसी है, जहां से लोगों के निकलने के लिए रास्ता है लेकिन बाइकें खड़ी होेने से रास्ता बंद हो जाता है। दुकानदारों के वाहन भी इसी गली में खडे़ होते है।
अभियान लगातार जारी है। उन स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां ज्यादा अतिक्रमण है। जल्द ही इनको भी हटवाने की कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को भी चेताया जाएगा।
- वैभव त्रिपाठी, ईओ नगर पालिका