सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी ने ठंड से बचाव के कार्याें की समीक्षा की। कहा कि ठंड में कोई व्यक्ति अगर बाहर सोता हुआ मिला तो संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई तय है। गोशालाओं में मवेशियों को ठंड से बचाने के लिए अलाव और तिरपाल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा मवेशियों को अभियान चलाकर गोशाला में भेजने के निर्देश दिए। उन्हाेंने कहा कि छुट्टा मवेशी से सड़क पर यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उसके विरुद्ध कार्रवाई भी होगी।
उन्होंने कहा कि गोशालाओं में मवेशियों के ठंड से बचाव को लेकर सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं। व्यवस्थाओं की हकीकत जानने के लिए सभी संबंधित अधिकारी रात्रि के समय गोशालाओं का भ्रमण अवश्य करें। डीएम ने कहा कि कोई भी व्यक्ति बाहर खुले में सोता हुआ नहीं मिलना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति बाहर सोता हुआ पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गोशालाओं से संबंधित सभी मांग पत्र समय से प्रेषित किए जाएं एवं भुगतान समय से कराया जाना सुनिश्चित करें। केयर टेकर का समय से भुगतान कराया जाए। कोई भी पत्रावली किसी भी स्तर से लंबित नहीं रहनी चाहिए।
उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र की एक वृहद गोशाला एवं तीन अन्य गोशालाओं को चिह्नित करते हुए उनमें नवाचार किए जाने संबंधी कार्य योजना प्रेषित करें। गोशालाओं में हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए चरागाह भूमियां चिह्नित करते हुए उनमें चारा उत्पादन कराया जाए। गोशालाओं में गाय स्वस्थ रहें, इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रणता ऐश्वर्या सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।