हरगांव (सीतापुर)। गश्त कर रहे दो होमगार्डों को एक तेज रफ्तार कार रौंदते हुए निकल गई। हादसे में एक होमगार्ड को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। दूसरे को जिला अस्पताल ले जाया गया।
हरगांव थाने में तैनात इमलिया सुल्तानपुर इलाके के बेलामऊ कलां निवासी होमगार्ड विजय प्रकाश (48) पुत्र महादेव व हरगांव के उमरी सलेमपुर गांव निवासी होमगार्ड जब्बार अली (56) पुत्र नूर मोहम्मद की बीती रात हरगांव इलाके के ही महोली तिराहे पर पिकेट पर ड्यूटी लगी थी। रात को दोनों होमगार्ड गश्त कर रहे थे।
दोनों बुधवार की भोर करीब चार बजे महोली तिराहे से हरगांव थाने के बीच गश्त कर रहे थे, तभी लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर जा रही एक तेज रफ्तार कार दोनों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में दोनों होमगार्ड गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों होमगार्डों को सीएचसी हरगांव में भर्ती कराया।
वहां से चिकित्सकों ने विजय प्रकाश को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां विजय प्रकाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। जब्बार अली को जिला अस्पताल भेजा गया। एसओ का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। होमगार्ड कमांडेंट को भी अवगत कराया जा चुका है।