महमूदाबाद( सीतापुर)। दुर्घटना में घायल महमूदाबाद कोतवाली में तैनात होमगार्ड की इलाज के दौरान लखनऊ के बलरामपुर हास्पिटल में शुक्रवार को मौत हो गई। मृत होमगार्ड का शव अंतिम संस्कार के लिए उसके पैतृक ग्राम बैसनपुर लाया गया। शव पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। दुखद माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कोतवाली के बैसनपुर मजरे अगैया निवासी नन्हू (48) पुत्र सुकुरू लोध बीते करीब 15 वर्ष से होमगार्ड के पद पर महमूदाबाद कोतवाली में तैनात था। उसके बेटे अमित ने बताया कि बीते करीब 15 दिन पूर्व बांसुरा स्थित ससुराल से मांगलिक कार्य में हिस्सा लेकर बाइक से घर लौट रहा था।
रामपुर मथुरा थाना के सधुवापुर गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायलावस्था में उसे सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया था, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।
हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल से नन्हू को लखनऊ के मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। ट्रामा सेंटर से बलराम पहुंच इलाज करा रहे नन्हू की शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक होमगार्ड का शव जब गांव पहुंचा तो पूरे गांव में कोहराम मच गया।