सीतापुर। नो हेलमेट-नो फ्यूल अभियान को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। अधिकतर पेट्रोल पंप संचालकों ने अभियान को लेकर जागरूक करते हुए होर्डिंग नहीं लगाए हैं। पूर्ति विभाग की चेकिंग में बिसवां, महोली व मिश्रिख इलाके में तीन पंपों पर अभियान से जुड़ा होर्डिंग नहीं मिला। डीएसओ ने इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
जिले में 26 जनवरी से नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान चल रहा है। डीएम के निर्देश हैं कि सभी पंप संचालक बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देंगे। इसके बावजूद पंप संचालकों की लापरवाही उजागर हो रही है।
बिसवां पूर्ति निरीक्षक ने शुक्रवार को इलाके के किसान सेवा केंद्र सरैयां मिर्जापुर, नंदगोपाल फिलिंग स्टेशन कमियापुर, तिरुपति फिलिंग स्टेशन गुरेरा, हमारा पंप गोबर्धन फिलिंग स्टेशन करीमपनाह व पाश्र्वनाथ फिलिंग स्टेशन टिकरा पर अभियान की हकीकत जानी गई। डीएसओ अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि इनमें से किसान सेवा केंद्र सरैयां मिर्जापुर में अभियान से संबंधित होर्डिंग तक गायब थीं।
महोली पूर्ति निरीक्षक ने महोली के मूसाराम शिवरामदास, लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी तथा लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी काटरगंज, कृतिका फिलिंग स्टेशन चण्डरा, न्यू डायमंड फिलिंग सेंटर कचूरा व न्यारा इनर्जी कचूरा पर जांच की गई। कृतिका फिलिंग स्टेशन पर होर्डिंग नहीं लगा मिला।
मिश्रिख पूर्ति निरीक्षक ने मिश्रिख के ललिता आटोमोबाइल्स अस्पताल तिराहा, त्रिवेदी फिलिंग स्टेशन नगर चैराहा व बर्मी स्थित प्रदीप फ्यूल व महेश फिलिंग स्टेशन तथा अनुष्का फिलिंग स्टेशन नैमिष पर जांच की गई। जिसमें महेश फिलिंग स्टेशन बर्मी में होर्डिंग नहीं लगा मिला। बताया गया कि कार्य चलने के कारण रख दिया गया है। वहीं अन्य पंपों पर अभियान को लेकर सख्ती नजर नहीं आई।