जहांगीराबाद। रेवान पीएचसी पर बुधवार को हेपेटाइटिस की जांच शुरू नहीं हो सकी। वहीं, आसपास के गांवों में भी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची। इससे जांच कराने पहुंचे ग्रामीणों को निराश लौटना पड़ा। मंगलवार को जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. दीपेंद्र वर्मा ने गांव पहुंचकर पीएचसी पर जांच की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी दी थी।
जहांगीराबाद के आसपास के करीब पांच गांवों में हेपेटाइटिस संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने रेवान पीएचसी पर रोजाना हेपेटाइटिस की जांच की व्यवस्था की है। पीएचसी पर जांच किट भी उपलब्ध करा दी गई है।
ग्रामीण सोहरिया, कुंडी, बचनूपुरवा, बसहिया और कोठार में शिविर लगाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि गांवों में शिविर लगने से अधिक से अधिक लोगों की जांच हो सकेगी और संक्रमण की रोकथाम में मदद मिलेगी।
सांडा सीएचसी अधीक्षक आनंद मित्रा ने बताया कि बारिश के कारण बुधवार को पीएचसी पर जांच शुरू नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार से जांच शुरू कराई जाएगी। पीएचसी पर नियमित रूप से हेपेटाइटिस जांच किट उपलब्ध करा दी गई है।