सीतापुर। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मरीजों में सर्दी, बुखार, खांसी के लक्षण मिलने पर जांच करवाने के निर्देश दिए गए है। वहीं जिला अस्पताल की कोविड लैब का सीएमओ ने निरीक्षण कर वहां की सुविधाएं परखीं।
गाजियाबाद, नोएडा व जालौन में कोरोना के केस मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात बरतना शुरू कर दिया है। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि कोरोना से घबराने की कोई जरूरत नहीं है। बस एहतियात बरतने की बात है। गैर जिलों में अब तक जिनमें भी लक्षण मिले हैं, वे सभी मरीज सामान्य हैं। उनमें केवल बुखार व जुकाम जैसे सामान्य लक्षण हैं। ऐसे मरीज तीन से पांच दिन में ठीक हो जा रहे हैं।
सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल की कोविड लैब की सुविधाएं परखी गईं हैं। जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सीएचसी/पीएचसी अधीक्षकों को निर्देश दिया लक्षण दिखने पर तुरंत जांच करवाएं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच की सुविधा है। जिला अस्पताल में आरटी-पीसीआर की सुविधा है। 24 घंटे में रिपोर्ट आ जाएगी। अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं मौजूद हैं।
चालू है ऑक्सीजन प्लांट
जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगा हुआ है। यह क्रियाशील है। इसके अलावा सीएचसी पर भी प्लांट लगे हुए हैं। सभी अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह इन प्लांटों की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे।
डॉ. सुरेश कुमार, सीएमओ