रामपुर मथुरा (सीतापुर)। सीएचसी रामपुर मथुरा में अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से मरीजों को काफी दिक्कत हो रही है। उन्हें जांच के लिए 30 किलोमीटर दूर निजी केंद्रों तक की दौड़ लगाने के साथ महंगी दर पर जांच कराने की परेशानी उठाना पड़ रही है।
मरीजों को हो रही परेशानी के बाद बीते जून माह में सीएचसी में एक्सरे की मशीन लगा कर जांच होने लगी लेकिन अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा अभी भी नदारद है। अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा न होने से जांच के लिए आने वाले मरीजों को 30 से 50 किलोमीटर दूर महमूदाबाद व बाराबंकी जनपद के फतेहपुर इलाके में जांच करवाने जाना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत गर्भवती व प्रसूताओं को होती है। जांच रिपोर्ट मिलने देरी के कारण मरीज को इलाज शुरू होने के लिए भी इंतजार करना पड़ता है।
स्वास्थ्य केंद्र पर दवा लेने आई सुमन ने बताया कि हमें कई दिनों से बुखार हो रहा था। डॉक्टर ने खून के साथ अल्ट्रासाउंड की जांच लिखी थी। खून की जांच तो अस्पताल में हो गई लेकिन अल्ट्रासाउंड जांच के लिए निजी केंद्र पर जाना पड़ेगा।
उच्चाधिकारियों को भेजा जा चुका है पत्र
एक्सरे मशीन सही तरीके से काम कर रही है। कभी कभार बिजली न मिलने से समस्याएं आती है। अल्ट्रासाउंड की सुविधा सीएचसी पर उपलब्ध नहीं है। इसकी उपलब्धता के लिए भी उच्चाधिकारियों को कई बार पत्र लिखकर जानकारी दी जा चुकी है।
डॉ. सुशील कुमार वर्मा, सीएचसी अधीक्षक, रामपुर मथुरा