रेउसा इलाके में बढ़ा नदियों का जलस्तर। -संवाद
- फोटो : SITAPUR
रेउसा (सीतापुर)। तराई इलाके में शारदा व सरयू नदी का जलस्तर मंगलवार को कम हो गया। जलस्तर घटने से नदियों ने कटान तेज कर दी है। कटान की चपेट में आकर 30 बीघा जमीन कट गई है। जिला प्रशासन ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
शारदा व सरयू नदी के जलस्तर में सोमवार को बढ़ोतरी हुई थी। इसके कारण कई गांवों के लोग बाढ़ की आशंका को लेकर भयभीत हो गए थे। तहसील प्रशासन ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने की अपील जारी की थी। ग्रामीण पानी पर बराबर नजर बनाए हुए थे।
मंगलवार को जलस्तर में कमी आने से कटान बढ़ने लगा है। बढ़ईनपुरवा, जटपुरवा, पासिनपुरवा में करीब 30 बीघा जमीन कटान में समा गई है। इससे इन गांवों के लोग अब जमीन को लेकर चिंतित हैं। करीब छह अन्य लोगों की जमीन कटान की रडार पर आ गई है।
तहसीलदार अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि तहसील में बाढ़ जैसे कोई हालात नहीं है। नदियों का जलस्तर घट रहा है। प्रशासन की टीमें निगरानी कर रही हैं।