कुंवरगड्डी (सीतापुर)। अटरिया के मनवा गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख का माल पार कर दिया। वापस आने पर मंगलवार दोपहर गृहस्वामी को जानकारी हुई।
सलमान के अनुसार वह सोमवार को अपने पूरे परिवार के साथ अपने साले की शादी में शामिल होने गए थे। मंगलवार को वापस आने पर उन्होंने पाया कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। घर का सामान बिखरा हुआ था। कमरों के दरवाजे तोड़कर चोरों ने अलमारी के लॉकरों को भी तोड़ दिया था।
चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये का माल पार कर दिया। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। गृहस्वामी ने अपने पड़ाेसी और उसकी पत्नी पर चोरी की आशंका जाहिर की है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिली है। लोगों के बयानों को भी दर्ज किया गया है। आसपास के सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं।