पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने शुक्रवार को लखनऊ मंडल के सीतापुर कैंट से बुढ़वल वाया गोंडा रेलखंड का मुआयना किया। मुआयने में उन्होंने इस रूट पर पड़ने वाले स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। सीतापुर कैंट डीजल लॉबी व रनिंग रूम के विस्तारीकरण का उद्घाटन किया।
उन्होंने यहां सुविधाओं के उच्च स्तरीय पाए जाने पर 60 हजार का सामूहिक पुरस्कार प्रदान किया। शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक स्पेशल ट्रेन से अधीनस्थ अफसरों के साथ सीतापुर स्टेशन पर पहुंचे। यहां पर उन्होंने सीतापुर कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने डीजल लॉबी एवं रनिंग रूम के विस्तारीकरण का उद्घाटन किया। उन्होंने टप्पा खजुरिया एवं परसेंडी रेलवे स्टेशनों के मध्य बड़ा पुल का निरीक्षण किया तथा इसके बेहतर रख-रखाव के लिए पुल निरीक्षक टीम को 15 हजार का नगद पुरस्कार प्रदान किया।
रमईपुर व बिसवां रेलवे स्टेशनों पर निरीक्षण कर गैंग मैनों से उनकी सुविधाओं का जायजा लिया। गैंगमैनों के संरक्षा के बेहतर ज्ञान को देखते हुए महाप्रबंधक ने दस हजार का सामूहिक पुरस्कार देेने की घोषणा की।
महाप्रबंधक ने बिसवां तथा सरैंया रेलवे स्टेशनों के मध्य निरीक्षण किया। इसके अलावा महमूदाबाद अवध, रेलवे स्टेशनों के रेलवे स्टेशन व पैंतेपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुख-सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए इसे और बेहतर बनाने का अफसरों को निर्देश दिए।