लोहारखेड़ा की जो नालियां कल तक गंदगी व कचरे से पटी पड़ी थीं, उनकी साफ -सफ ाई कर उन्हें चमका दिया गया था। गुबार वाले रास्ते लक-दक कर दिए गए थे।
राजगीर जहां विद्यालय भवन को दुरुस्त करने में जुटे थे, वहीं पेंटरों द्वारा रंग-रोगन किया जा रहा था। गांव में तेजी से हो रहे विकास कार्य व सौंदर्यीकरण को देख ग्रामीण हैरतजदा थे।
जब ग्रामीणों को प्रमुख सचिव के दौरे की जानकारी हुई तब जाकर माजरा उनकी समझ में आया। अफ सर व कर्मी पिछले कई दिनों से लोहारखेड़ा को चमकाकर प्रमुख सचिव के इस्तकबाल के लिए संवार रहे थे।
प्रमुख सचिव पंचायतीराज चंचल कुमार तिवारी एक फ रवरी को जिले में आ रहे हैं। इस दौरान वह मिश्रिख के लोहिया समग्र ग्राम लोहारखेड़ा में विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू होंगे।
प्रमुख सचिव के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर तैयारियां कराई गई हैं। गांव के जूनियर हाईस्कूल में प्रमुख सचिव के रात्रि प्रवास का इंतजाम किया गया है।
रविवार को पूरा दिन अफ सर व कर्मी गांव को चमकाने में जुटे रहे। विद्यालय भवन का रंग-रोगन कर इसे संवारा गया है। सारी कमियां दुरुस्त करने के साथ ही गांव में सीसी रोड व नालियों की सफ ाई कराई गई है।
बिजली व्यवस्था चाक-चौबंद करने के अलावा अधूरे लोहिया आवास तथा प्रसाधनों का निर्माण तेजी से पूरा कराकर रंगाई-पुताई करा दी गई है। रविवार को एडीएम सर्वेश कुमार, डीपीआरओ रवींद्र राय, एसडीएम मिश्रिख मनोज पांडेय आदि अफ सरों ने गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
ग्रामीणों का कहना है, कि पूर्व नियोजित इस दौरे का कोई मतलब नहीं है। सारे काम दुरुस्त करा देने से यहां सब कुछ ठीक ही मिलेगा। ऐसे में प्रमुख सचिव का दौरा रस्म अदायगी भर का होगा। हालांकि ग्रामीण इस दौरे की वजह से गांव संवार दिए जाने को लेकर बेहद खुश भी हैं।