महमूदाबाद (सीतापुर)। पैंतेपुर पुलिस चौकी के बिलासपुर निवासी बालिका की लखनऊ में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बालिका मौसी के घर पढ़ने के लिए गई थी। परिजन शव घर ले आए हैं। परिजनों ने मौसी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पैंतेपुर के बिलासपुर में शमशुद्दीन की सात वर्षीय पुत्री आयशा करीब तीन माह पहले पढ़ाई करने के लिए लखनऊ के खुर्रमनगर में अपने मौसा फारुख और मौसी रुबीना के घर रहने गई थी। शनिवार सुबह परिजनों को फोन से सूचना मिली कि आयशा की मौत हो गई।
परिजन आननफानन लखनऊ पहुंचे और शव को गांव ले आए। आयशा के पिता शमसुद्दीन के अनुसार आयशा के शरीर पर चोट के निशान थे। आरोप है कि मौसी रोज पढ़ाई के लिए आयशा को प्रताड़ित करती थीं। इसी वजह से उसकी मौत हो गई। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।