थानगांव (सीतापुर)। रेउसा में झोलाछाप के इलाज से एक बालिका ने दम तोड़ दिया। घर वालों ने इसकी शिकायत सीएचसी प्रभारी से की है। संदिग्ध बुखार से गांव में 10 से अधिक लोग पीड़ित है।
हलीमनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केेंद्र क्षेत्र के ग्रामसभा सुजातपुर के मजरे जंगलपुरवा निवासी रामचंदर की दस वर्षीय पुत्री शिवा रात में अचानक बीमार हो गई। उसे क्षेत्र में एक झोलाछाप के क्लीनिक में भर्ती करवाया गया।
मोटी रकम ऐंठने के चक्कर में झोलाछाप ने कहीं दूसरी जगह ले जाने की सलाह भी नहीं दी। दोपहर में बालिका ने क्लीनिक में ही दम तोड़ दिया। घर वालों ने इसकी शिकायत सीएचसी अधीक्षक से की है।
बुखार, सर्दी व बदन दर्द से मृतका की मां व बहन भी पीड़ित है। जबकि इसी गांव के जगजेश्वर की पुत्री मनोजा व शिवनरायन की पुत्री सनोजा भी बीमार चल रही है।
इन सभी का निजी चिकित्सकों के यहां इलाज चल रहा है। ग्रामीणों को अंदेशा है कि गांव में संक्रामक रोग फैल रहे है लेकिन अभी तक चिकित्सकों की टीम नहीं पहुंची है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अनंत मिश्रा का कहना है कि झोलाछाप के बारे में जानकारी मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। गांव में इलाज के लिए टीम भेजी जाएगी।