खैराबाद (सीतापुर)। थाना क्षेत्र खैराबाद के इसौली गांव निवासी दिव्यांशी (3) पुत्री महावीर शुक्रवार को पास के तालाब के किनारे नित्यक्रिया के लिए गई थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवारीजनों को उसकी चिंता हुई। परिवारीजन अपनी बेटी को ढूंढ ही रहे थे कि इसी बीच परिवार को सूचना मिली कि तालाब में किसी का शव उतरा रहा है।
मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। परिवार ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। सूचना पाकर लेखपाल जेबा खान मौके पर पहुंचीं। परिवार का कहना है कि तालाब में डूबने से बालिका की मौत हो गई है। एसओ अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें हादसे की कोई जानकारी नहीं मिली है। अगर कोई तहरीर मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।