सीतापुर। शहर में फिर से हॉटस्पॉट की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। सोमवार देर रात कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद मंगलवार को शहर का घूरामऊ बंगला, चौधरी टोला और श्यामनाथ रोड को नया हॉटस्पॉट घोषित कर ढाई सौ मीटर का इलाका सील कर दिया गया है। इन मोहल्लों में आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई है। किसी को भी घर से निकलने की इजाजत नहीं है।
शहर के चौधरी टोला निवासी हरगांव में एसबीआई बैंक में तैनात कैशियर के कोरोना पॉजिटिव मिलने पर उनके घर से लेकर 250 मीटर का इलाका सील किया गया है। इसी तरह से निषाद नगर, श्यामनाथ निवासी युवक के संक्रमित मिलने पर उसके घर से लेकर 250 मीटर की परिधि को सील कर दिया गया है।
संक्रमित मिले चीफ फार्मासिस्ट शहर के घूरामऊ बंगला में रह रहे अपने माता-पिता के पास अक्सर मिलने आते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने घूरामऊ बंगला को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। फार्मासिस्ट के माता-पिता जिस मकान में रहते हैं, वहां से लेकर 250 मीटर का दायरा सील किया गया है।
डीएम अखिलेश तिवारी ने बताया कि घूरामऊ बंगला, चौधरी टोला और श्यामनाथ रोड को हॉटस्पॉट घोषित कर कोरोना के नए प्रोटोकाल के तहत 250 मीटर के दायरे को सील कराया गया है। सील के दायरे में रहने वाले लोग अपने घरों में ही रहेंगे। कोई भी व्यक्ति बाहर नहीं निकलेगा।
इंस्पेक्टर शहर कोतवाली टीपी सिंह ने बताया कि तीनों हॉटस्पॉट क्षेत्रों में चार-चार बैरिकेडिंग कर दी गई हैं। इन प्वाइंटों पर पुलिस तैनात कर दी गई है। हॉटस्पॉट क्षेत्र में किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है। पुलिस निगरानी के लिए लगी है। किसी ने भी नियमों का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।