महमूदाबाद। पेट्रोल पंपों पर अब राजस्व कर्मियों की निगरानी रहेगी। डीजल-पेट्रोल वितरण राजस्व कर्मियों की देखरेख में किया जाएगा। इसके लिए तहसील प्रशासन ने क्षेत्र के 31 पेट्रोल पंपों पर राजस्व कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर उमड़ रही भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था बनाई गई है।
पेट्रोल-डीजल को लेकर इन दिनों मारामारी देखने को मिल रही है। दैनिक उपभोक्ताओं व किसानों को पेट्रोल डीजल के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। कालाबाजारी की शिकायतें भी मिल रही हैं। अधिकांश पेट्रोल पंपों पर महज कुछ देर में ही ईंधन खत्म हो जा रहा है। पंपों पर बढ़ रही भीड़ को नियंत्रित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए एसडीएम डाॅ. अंजलि सिंह ने नई व्यवस्था बनाई है।
इसके अंतर्गत तहसील क्षेत्र के 31 पेट्रोल पंपों में सात पर अमीन तैनात किए गए हैं और 24 पेट्रोल पंपों पर लेखपालों को तैनात किया गया है। सभी थानाध्यक्षों को एक-एक कांस्टेबल तैनात करने के निर्देश भी एसडीएम की ओर से दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक अमीन और लेखपाल पंप पर मौजूद रखकर पेट्रोल-डीजल का वितरण सुनिश्चित कराएंगे।
जीपीएस युक्त फोटो भेजना अनिवार्य
एसडीएम अंजली सिंह ने कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपनी तैनाती वाले स्थल पर प्रत्येक एक-एक घंटे पर जीपीएस लोकेशन युक्त फोटो भेजना भी सुनिश्चित करेंगें। अगर इसमें कोई लापरवाही मिलती है तो सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।