सीतापुर। जिले भर में जुमे की नमाज शुक्रवार को शांतिपूर्वक तरीके से अदा हुई। बरेली में हुए बवाल के बाद जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर था। इस दौरान शहर के पुराने इलाकों में डीएम ने मातहतों के साथ भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजामों को परखा।
इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील इलाकों की निगरानी ड्रोन से की गई। डीएम अभिषेक आनंद पुराना सीतापुर की मरकज मस्जिद पहुंचे उन्होंने मुस्लिम धर्मगुरुओं से मिलकर बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। इसके बाद उन्होंने फोर्स के साथ कोट चौराहे से कजियारा चौराहे तक पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा का अहसासा कराया।
उन्होंने अन्य मस्जिदों पर भी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर फैलाई जा रही भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों की सूचना पुलिस को दें, ताकि तुरंत कार्रवाई हो सके। इसके बाद वह खैराबाद कस्बा पहुंचे वहां पर भी उन्होंने मुख्य बाजारों काभ्रमण किया। (संवाद)