सीतापुर। त्योहार पर शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए नगरपालिका ने वाहन पार्किंग निशुल्क कर दी गई है। वाहन स्वामी तीन चयनित स्थानों पर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की पार्किंग आसानी से कर सकेंगे। त्योहार पर जाम की परेशानी से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका अध्यक्षा नेहा अवस्थी ने पुलिस व व्यापारियों के साथ एक बैठक की।
इसमें तय हुआ कि वाहनों की पार्किंग के लिए तीन स्थल बनाए जाएंगे। इसके तहत नगरपालिका प्रांगण परिसर में दो पहिया वाहन, लालबाग पार्किंग में चार पहिया व दो पहिया वाहन व हिंदू पाठशाला के पास चार पहिया वाहनों की पार्किंग मुफ्त रहेगी।
वाहनों की पार्किंग के लिए यह सुविधा चार से आठ नवंबर तक मिलेगी। वाहन चालक सुबह आठ से रात 10 बजे तक वाहनों की पार्किंग कर सकेंगे। नगर पालिका सभागार में हुई बैठक में पुलिस अफसर, व्यापारी व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नमींद्र अवस्थी, रवि श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।