सीतापुर। सीएम अभ्युदय योजना के तहत शुक्रवार को यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग कक्षाओं का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ। इस मौके पर सीडीओ डा. दीक्षा जोशी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर परीक्षा में बेहतर सफलता पाने के गुर बताए।
सीडीओ ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संघ लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, नीट, जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की वर्तमान परीक्षा प्रणाली, पाठ्यक्रम, अध्ययन सामग्री, नोट्स और तैयारी की प्रभावी रणनीति के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने अभ्यर्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासित जीवन शैली अपनाने और मानक पुस्तकों के व्यवस्थित अध्ययन को सफलता का मूल मंत्र बताया।
कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों ने सी-सैट, प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा की तैयारी संबंधी अपनी विभिन्न जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। मुख्य विकास अधिकारी ने इन सभी का विस्तारपूर्वक समाधान किया।
उन्होंने बताया कि योजनाबद्ध अध्ययन, निरंतर अभ्यास, आत्ममूल्यांकन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ की गई तैयारी से प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित सफलता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज राकेश कुमार, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के प्रभारी ऐश्वर्य सिंह, शिक्षक, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।