लहरपुर। कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक से प्रधानमंत्री आवास दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पीएम आवास दिलवाने के नाम पर उसके दस्तावेज हासिल करने के जीएसटी चोरी करने के लिए एक कूट रचित फर्म बना डाली। वाराणसी की अपराध अनुसंधान शाखा से नोटिस मिलने के बाद पीड़ित को अपने साथ हुई इस धोखाधड़ी का पता चला। उसने आईजीआरएस के माध्यम से सीएम , प्रवर्तन निदेशालय, डीएम व एसपी को पत्र भेजकर न्याय दिलवाने की गुहार लगाई है।
नगर के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी मोहम्मद आमिर ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व पीएम आवास बनवाने के नाम पर कुछ लोगों ने उससे आधार कार्ड व पैन कार्ड लिया था। बताया कि इसका आवेदन ऑनलाइन होगा। इसके लिए उसके नाम पर एक नया सिम कार्ड भी लिया था। पीड़ित ने बताया कि आवास का पैसा आने के बाद उसका खाता भी एक बैंक में खुलवाया गया। इस दौरान कई कागजों पर उसके हस्ताक्षर भी लिए गए। आरोप लगाया कि फर्जीवाड़ा करने के लिए आरोपियों ने उसके कूट रचित दस्तावेज तैयार कर ब्लू वर्ल्ड इंटरप्राइजेज नाम से एक फर्म को पंजीकृत करवा दिया। इस फर्म से लाखों का माल सप्लाई कर जीएसटी चोरी की।
10 मार्च को कार्यालय खंड अधिकारी अपराध अनुसंधान शाखा खंड वाराणसी से एक नोटिस मिला। इसमें बताया गया कि उसके खिलाफ जीएसटी चोरी का एक मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें उनकी फर्म से आजमगढ़ की कुमार ट्रेडिंग कंपनी को 2020-21 में माल सप्लाई किया गया है। इसमें जीएसटी चोरी की आशंका है। नोटिस मिलने के बाद उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। जिले में इससे पूर्व भी पीएम आवास दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी की जा चुकी है।