लहरपुर (सीतापुर)। इलाके में अवैध खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को खनन विभाग ने छापा मारकर अवैध मिट्टी खनन का भंडाफोड़ किया। खनन अधिकारी ने एक जेसीबी समेत चार वाहनों को सीज किया है।
खनन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि तहसील क्षेत्र के गनेशपुर गांव में एक व्यावसायिक प्लाट अवैध रूप से मिट्टी से भरा जा रहा था। उन्होंने वहां से मिट्टी से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। रानी फार्म में मिट्टी के अवैध खनन की सूचना मिलने पर छापा मारा।
मौके से अवैध खनन कर रही एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर ट्राली सीज की गई है। कोतवाली पुलिस द्वारा उप जिला अधिकारी को पत्र भेजकर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किए जाने की सूचना दी गई थी, इसी के तहत खनन अधिकारी ने यह कार्रवाई की है। खनन अधिकारी ने बताया कि अवैध खनन करते कोई भी पाया गया तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।