सीतापुर। कोहरे का फायदा उठाकर ओवरलोडिंग कर सरपट दौड़ रहे वाहनों को एआरटीओ प्रशासन ने शुक्रवार को सीज कर दिया। इनमें मौरंग लदे तीन ट्रक और गिट्टियों से लदा एक ट्रक शामिल है।
एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि शुक्रवार भोर करीब 4 बजे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत ओवरलोड वाहनों के खिलाफ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया। बताया कि कोहरे का फायदा उठाकर ट्रक अक्सर ओवरलोडिंग कर नेशनल हाईवे पर फर्राटा भर रहे थे। मंडी परिसरों में बिना किसी रोकटोक के पहुंच रहे थे।
इसकी सूचना पर शुक्रवार भोर चार बजे महमूदाबाद मंडी परिसर में उपजिलाधिकारी महमूदाबाद बीके सिंह और सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव के साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान मंडी परिसर में मौरंग से लदे तीन ओवरलोड ट्रक खड़े मिले। वहीं, गिट्टियों से लदा एक ओवरलोड ट्रक पकड़ा गया। चार वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया। बताया कि तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बताया कि इसके अतिरिक्त टोल प्लाजा पर हेलमेट व सीटबेल्ट चेकिंग अभियान चलाया गया। 48 वाहनों के चालान किए गए हैं।