सरकारी स्कूलों के खुलने का समय तय है पर शिक्षक समय से स्कूल पहुंच नहीं रहे हैं। इनकी गैरहाजिरी में शिक्षामित्र ही स्कूल चलाते हैं। इसका खुलासा शनिवार को एमडीएम समन्वयक बृजमोहन सिंह के औचक मुआयने में हुआ। बेहटा इलाके के चार शिक्षक सुबह 9.30 बजे बिना सूचना के गैरहाजिर मिले।
जिस पर कार्रवाई के लिए बीएसए को रिपोर्ट सौंप दी गई है। एमडीएम डीसी बृजमोहन सिंह ने बेहटा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय दंडपुरवा का मुआयना किया। यहां पर पांच शिक्षक व एक शिक्षामित्र तैनात हैं। जिसमें दो शिक्षिका प्रसूता अवकाश पर हैं।
शनिवार को शिक्षिका कल्पना वर्मा, रजनी, यशोदा सिंह बिना सूचना के गैरहाजिर मिलीं। इनका स्कूल में प्रार्थना पत्र भी नहीं था। केवल शिक्षामित्र अजय पढ़ाते हुए मिले। यह बदतर स्थिति छह शिक्षकों वाले स्कूल की है। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय मजरी कारिंदा में एमडीएम की डिटेल रजिस्ट्रर पर अंकित नहीं मिली।
जिस पर प्रधानाध्यापक को चेतावनी जारी करते हुए तत्काल जानकारी भरवाई। उच्च प्राथमिक विद्यालय डिंगरा में उर्मिला वर्मा बिना सूचना के अनुपस्थिति मिलीं। रजिस्ट्रर पर इनकी हाजिरी अंकित नहीं थी। यहां पर रंगाई-पुताई भी सही ढंग से नहीं कराई गई थी।