सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। एसओजी और संदना पुलिस की संयुक्त टीम ने चार अंतर जनपदीय बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो 25-25 हजार रुपये के इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए। पुलिस ने लूटे गए करीब 25 ग्राम सोने और 6.5 किलो चांदी के आभूषण, 50,200 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल बाइक और दो तमंचे बरामद किए हैं।
छह नवंबर को मंझारी चौराहे पर सराफा व्यापारी विमलेश रस्तोगी निवासी प्रेमनगर उत्तरी, सिधौली के साथ लूट हुई थी। बदमाशों ने रेकी के बाद नंदवन गांव के निकट मंगलम तिराहे से पहले उनका रास्ता रोककर मारपीट की और आभूषणों से भरा बैग लूटकर भाग गए थे। इस मामले में आईजी किरण एस. ने घटनास्थल पर जांच कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए थे।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने एएसपी दक्षिण दुर्गेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की थीं। एएसपी ने मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता में बताया कि नौ और 10 नवंबर को छानबीन के दौरान बैजनाथ सिंह उर्फ धीरज निवासी नंदवन और लुकमान निवासी सिद्धेश्वर नगर सिधौली को कोनीघाट पुल के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 6.5 किलो चांदी के आभूषण और 19,200 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में दो अन्य आरोपियों इरफान निवासी राजेंद्र नगर निवासी गोला और दीपक सिंह निवासी अहमदनगर, हैदराबाद लखीमपुर खीरी के नाम सामने आए। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मंगलवार को गणेशपुर सरकारी ट्यूबवेल तिराहे के पास पुलिस ने उन्हें घेरने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
एएसपी ने बताया कि लुकमान पर 16, इरफान पर 13 और दीपक पर छह मामले सीतापुर, लखनऊ व लखीमपुर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।