कोतवाली क्षेत्र में रंजिश को लेकर दो पक्षों में शनिवार को विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और फायरिंग की। पथराव में चार लोग जख्मी हुए हैं।
सैतियापुर निवासी सतीश की गांव के उमेश से रंजिश चल रही है। शनिवार को सतीश व उमेश का आमना-सामना हुआ तो विवाद होने लगा। तकरार बढ़ने पर दोनों पक्षों से करीब दर्जन भर लोग लाठी व डंडे लेकर भिड़ गए। पथराव के दौरान ही दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी।
बवाल बढ़ता देख ग्रामीणों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस दल बल के साथ गांव पहुंच गई। पुलिस के वाहनों को देखते ही विवाद कर रहे लोग शांत हो गए। तब तक एक पक्ष से प्रताप नारायन की पत्नी मधुरानी व उमेश कुमार तथा दूसरे पक्ष से सतीश व सरोज घायल हो चुके थे। प्रभारी निरीक्षक विनय गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।