सीतापुर। जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए चार केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर गड़बड़ी होने की आशंका जताई गई है। यहां पर विशेष निगरानी बरती जाएगी। अतिरिक्त रूप से पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी।
18 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। 146 परीक्षा केंद्रों पर 93 हजार विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकलविहीन कराने की पुरजोर तरीके से तैयारी चल रही है। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नकल की आशंका पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय माध्यमिक इंटर कॉलेज शाहपुर, सूर्य प्रताप इंटर कॉलेज सुखदेव नगर गड़ौसा, डॉ. हामिद अली कृषक इंटर कॉलेज मारुछी बिसवां व बच्ची देवी शिवराज सिंह इंटर काॅलेज भेलावां चतुरैय्या को संवेदनशील केंद्र घोषित किया है। इससे यहां पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात होगा।
एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। इन कॉलजों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कंट्रोल रूम से विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी। उड़नदस्ते विशेष रूप से इन केंद्रों पर रोजाना भ्रमण करेंगे।