सीतापुर। रोल प्रेक्षक/मंडलायुक्त लखनऊ मंडल विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में निर्वाचक नामावली के दुरुस्तीकरण, नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने, त्रुटि सुधार व पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंडलायुक्त ने सभी को बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित व अपडेट बनाए रखने के लिए सभी राजनीतिक दलों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए, जिन पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वह अपने बूथ लेबल एजेंट के माध्यम से भी एसआईआर फार्म में सहयोग प्रदान करें। अधिक से अधिक नए युवा मतदाताओं को जोड़ा जाए।
उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के बारे में जानकारी प्राप्त करें। जिन-जिन स्थानों पर आपत्तियों के निस्तारण के लिए केंद्र बनाए गए हैं, वहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराईं जाए। उन्होंने अवगत कराया कि यदि कोई मतदाता आपत्ति के निस्तारण के लिए केंद्र तक पहुंचने में असमर्थ हैं तो वह बीएलओ के माध्यम से अपनी आपत्तियों का निस्तारण कर सकता है। बैठक में जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर, अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।