महमूदाबाद (सीतापुर)। रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के ढ़खवा गांव के सामने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा एक वाहन टायर फटने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची यूपी-100 टीम ने घायलों को सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप घायल दो बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सदरपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर देवरिया के पूर्व प्रधान सुरेश चौहान के परिवार के चार बच्चे सीता इंटर कॉलेज महमूदाबाद में मंगलवार को पढ़ने जा रहे थे।
बताते हैं कि पूर्व प्रधान का बेटा अंशुल चौहान (16), बेटी अनुराधा (15), परिवार की अनीता (14) पुत्री संतोष कुमार, अनिकेत (12) पुत्र संतोष कुमार घर के वाहन से कॉलेज जा रहे थे। रास्ते में वाहन का पिछला टायर रेउसा-महमूदाबाद मार्ग पर ढखवा गांव के सामने रामपुर मथरा इलाके में फट गया।
टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर कर तालाब में जा पलटी। कार पलटने से चारों बच्चे घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। यूपी 100 की टीम ने मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी महमूदाबाद पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अंशुल व अनुराधा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अनिकेत व अनीता को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।