लहरपुर/सीतापुर। नगर क्षेत्र लहरपुर में नकली स्पार्क प्लग बेचे जाने की सूचना पर कंपनी के मैनेजर ने चार दुकानों पर चेकिंग की। चार लोग उसी नाम से पार्ट्स बेचते हुए मिले। इस पर इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर सुभाष शर्मा, उनके सहयोगी धर्मेंद्र कुमार व फैयाज आलम द्वारा अवैध स्पार्क प्लग की बिक्री की सूचना पर नगर की स्पेयर पार्ट्स बेचने वाली चार दुकानों पर छापा मारा गया।
नकली स्पार्क प्लग बरामद किए गए। ऑपरेशन मैनेजर सुभाष ने कॉपीराइट अधिनियम के तहत नजरुल हसन, कल्लू, जलील अहमद व सईद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।