हरगांव में स्कूल में शिक्षकों से मिलते अमेरिकी नागरिक। स्रोत विद्यालय प्रशासन
हरगांव। वक्त का लंबा फासला भी बचपन की यादों और विद्यालय से जुड़े रिश्तों को नहीं मिटा सका। इसका भावुक नजारा बृहस्पतिवार को बिड़ला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हरगांव में देखने को मिला, जब अमेरिका निवासी पूर्व विद्यार्थी अशोक निगम अपनी बहन मंजू खरे के साथ करीब 55 वर्षों बाद अपने पुराने विद्यालय पहुंचे। विद्यालय की दहलीज पर कदम रखते ही दोनों की छात्र जीवन से जुड़ी पुरानी यादें ताजा हो गईं।
विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य रामचेत सिन्हा और सहायक अध्यापक अंशु कुमार वर्मा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें विद्यालय परिसर का भ्रमण कराया गया और वर्तमान शैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई। अपनी पुरानी कक्षाओं और विद्यालय परिसर को देखकर दोनों भावुक हो उठे। उन्होंने विद्यालय में हुए बदलावों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
अशोक निगम और मंजू खरे ने कहा कि समय भले ही बदल जाए, लेकिन जिस विद्यालय में जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष बीते हों, उसकी यादें हमेशा दिल में रहती हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार के स्नेह और स्वागत के लिए आभार जताया। इस मौके पर एसपी खरे, अनुराधा, उत्कर्ष, उत्सव सहित कॉलेज के शिक्षक-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।