कमलापुर। सरायन नदी के किनारे बसे गांवों में शनिवार को भी बाघ की दहशत देखने को मिली। वनकर्मियों ने पगचिह्नों व ग्रामीणों के बयान के आधार पर कॉम्बिंग की, लेकिन देर शाम तक उनके हाथ कुछ नहीं लगा।
सरौराकलां, महेशपुर, फूलपुर के बाद अब हरिहरपुर, लखनापुर, मानपुर, हरदोपट्टी गांव में भी जंगली जानवर की दहशत देखी जा रही है। शुक्रवार को मानपुर के मजरे हरिहरपुर निवासी रूबी खेत जा रही थी। रास्ते में बाघ को सामने देख वह बेहोश हो गई थी। यह खबर गांवों में फैली तो दहशत फैल गई।
वनविभाग के कर्मचारियों ने मौके पर मुआयना किया। पगचिह्नों को जांच के लिए भेजा। साथ ही ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी। शनिवार सुबह उपक्षेत्रीय वनाधिकारी अमित कटियार, वनदरोगा रामसेवक वर्मा, वन रक्षक बीट प्रभारी मनोज ,शुभम व जयविंद गांव पहुंचे। सभी ने जंगलों की कॉम्बिंग की।
कुत्ते खा रहे शिकार का मांस
हरिहरपुर गांव निवासी रामदयाल ने बताया कि शनिवार को भी बाघ ने किसी जानवर का शिकार किया है। बताया कि कुत्ते मांस लाकर खा रहे थे। वनकर्मियों ने उनके बयान के आधार पर भी जांच की। हालांकि देर शाम तक कुछ हाथ नहीं लगा। ढोलईखुर्द गांव में लगे पिंजरे के पास भी बाघ नहीं पहुंचा है। ऐसे में वहां भी ग्रामीण दहशत में हैं।