सीतापुर। एलपीजी संकट के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के लिए इंडियन ऑयल की ओर से पांच किलोग्राम के सिलिंडर की सप्लाई शुरू की गई है। कोई भी व्यक्ति किसी भी एजेंसी पर इसे बिना दस्तावेज के ले सकता है।
एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) से विद्यार्थियों, प्रवासी श्रमिकों, ठेला संचालकों और कम खपत वाले उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए भी यह छोटू सिलिंडर बेहतर विकल्प बनेगा, जिन्हें एक एलपीजी सिलिंडर खत्म होने के बाद कई दिनों तक अगले सिलिंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। पांच किलो सिलिंडर लेने के लिए पहली बार में 1509 रुपये चुकाने होंगे। इसके बाद रिफिल पर करीब 634 रुपये खर्च होंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि पांच किलोग्राम के 300 सिलिंडर उपलब्ध हैं। कोई एक पहचान पत्र दिखाकर एजेंसी से पांच किलोग्राम का सिलिंडर लिया जा सकता है। इसके लिए सिर्फ एक वैद्य आईडी दिखानी होगी। इसके लिए न तो कनेक्शन कराने की जरूरत है और न ही लंबी लाइन में लगना पड़ेगा। सीधे एजेंसी पर जाकर सुरक्षा राशि और गैस की कीमत जमा करने पर सिलिंडर मिल जाएगा। सभी गैस एजेंसियों पर पांच किलो के सिलिंडर उपलब्ध हैं।