कमलापुर (सीतापुर)। पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने कहा कि इस बार की मैराथन में लगभग पांच हजार महिलाएं शामिल होंगी। मैराथन 31 दिसंबर को दुबग्गा चौराहे से शुरू होगी। यह दौड़ 42.200 किलोमीटर दूरी का दो बार राउंड पूरा करने पर आईआईएम रोड पर समाप्त होगी। मैराथन दौड़ में शामिल 53 विजेताओं को 25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
रविवार को कसमंडा स्टेट की कोठी के सामने महिला सशक्तिकरण फुल मैराथन दौड़ की तैयारियों को लेकर आयोजित सभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रथम विजेता को 5 लाख रुपये, द्वितीय विजेता को 3 लाख और तृतीय विजेता को 1.50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम 10 विजेताओं को 51 हजार, द्वितीय 10 विजेताओं को 41 हजार, तृतीय 10 विजेताओं को 31 हजार, चतुर्थ 10 विजेताओं को 21 हजार, पांचवें स्थान पर आने वाले 10 विजेताओं को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम समाज के हित में जनता के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजक कुंवर दिनकर प्रताप सिंह ने कहा कि मैराथन दौड़ का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना है। 31 दिसंबर को नव वर्ष के आगमन की पूर्व संध्या पर सभी लोग परिवार के साथ नशे से दूर रहने का संकल्प लेंगे। क्योंकि संसार में सबसे बड़ा धन, सबसे बड़ा सुख, सबसे बड़ी अमूल्य संपत्ति स्वस्थ शरीर का होना ही है।
इस दौरान भट्ठा एसोसिएशन के अभिनव सिंह, किराना एसोसिएशन से पुष्कर गुप्ता, चिकित्सक एसोसिएशन से डाॅ. तारिक, शिक्षक एसोसिएशन से विनोद वर्मा ने सामूहिक रूप से पुरस्कार देने की घोषणा की। इस मौके पर प्रधान धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रेमदीप जायसवाल, प्रधान प्रतिनिधि सुधीर सिंह, रामप्रकाश यादव, नशा मुक्त अभियान के जिला प्रभारी शिवा शर्मा, सौरभ सिंह, दुर्गेश सिंह, ज्ञानेंद्र धनगर आदि मौजूद रहे।