महमूदाबाद (सीतापुर)। क्षेत्र में चतुराबेहड़ गांव से बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में बुजुर्ग का शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज की है। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
चतुराबेहड़ निवासी शुभनाथ (62) करीब 30 वर्ष से लखनऊ में मकान बनवाकर रहते थे। शनिवार को शुभनाथ गांव आए थे। रविवार सुबह गांव के बाहर आम के पेड़ में रस्सी के सहारे शुभनाथ का शव लटका मिला था। शुभनाथ ने शनिवार को ही आईजीआरएस पर एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें चतुराबेहड़ की जयदेवी व उमादेवी पर उनकी गैर मौजूदगी में पिता से छलकपट कर वसीयत लिखाने का आरोप लगाया था। कहा था कि गांव आने पर जयदेवी, उमादेवी, अवधेश कुमार व ज्ञान चंद्र झगड़ा करते हैं। जान से मारने की धमकी देते हैं। इस आईजीआरएस के बाद शनिवार शाम को वह चतुराबेहड़ गांव पहुंचे थे और रविवार सुबह उनकी लाश मिली थी।
मृतक के पुत्र विपिन वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने ज्ञानचंद्र, अवधेश कुमार, जय देवी, उमा देवी और गौरव वर्मा के विरुद्ध एफआईआर की है। प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शुभनाथ की मौत का कारण हैंगिंग आया है। एफआईआर दर्ज कर ली है। विसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।