सीतापुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को 3785 मरीजों ने इलाज करवाया। इस दौरान जुकाम, बुखार, खांसी, पेट दर्द व त्वचा रोग के मरीजों की संख्या काफी अधिक रही। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद सीएचसी व जिला अस्पताल से जांच करवाने की सलाह दी।
जिले के 72 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। सुबह 10 बजे से मरीज पहुंचने लगे। चिकित्सकों ने सभी का इलाज किया। बुखार लगातार आने पर मलेरिया की किट से जांच करवाई। इस दौरान पांच मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई।
दोपहर दो बजे तक मरीजों का आना-जाना लगा रहा। इसके बाद केंद्र पर सन्नाटा पसर गया। सीएमओ डॉ. सुखरंजन समद्दर ने बताया कि इस समय मेले में काफी संख्या में मरीज आ रहे हैं। जुकाम, बुखार व खांसी के मरीज अधिक रहते हैं। स्वाइन फ्लू को लेकर इनकी स्क्रीनिंग भी करवाई जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर दवाओं का पर्याप्त स्टॉक है।
पीएचसी सकरन में 18 को बांटी दवा
पीएचसी सकरन में रविवार को आयुष चिकित्सक डॉ. भंडेल ने कुल 18 मरीजों को दवाइयां दीं। इनमें चर्म रोग के तीन, पेट रोग का एक, शुगर व सांस रोग के चार व बुखार के 10 मरीज शामिल रहे। इस दौरान फार्मासिस्ट सिद्दीकी, एलटी अशोक कुमार, स्टाफ नर्स शशिकांती आशा रेखा वाजपेयी आदि मौजूद रहीं।
............
पीएचसी सेवता में 71 को मिला इलाज
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवता में 11.30 बजे पहुंचे डॉ. विजय कुमार ने 71 मरीजों का उपचार कर उन्हें दवाएं वितरित कीं। उन्होंने बताया कि ज्यादातर मरीज जुकाम, बुखार, खांसी व अन्य बीमारियों से पीड़ित रहे। केंद्र में वर्तमान में स्थायी चिकित्सक की तैनाती नहीं है। अस्थायी व्यवस्था के तहत डॉ. विजय को यहां नियुक्त किया गया है। वह रविवार, मंगलवार व बृहस्पतिवार को मरीज देखते हैं। चार माह से लैब असिस्टेंट की तैनाती न होने के कारण मरीजों को जांच कराने के लिए लगभग 10 किमी दूर रेउसा जाना पड़ता है।
............
पीएचसी पाल्हापुर में 60 ने कराया इलाज
पीएचसी पाल्हापुर में डॉ. दीपक तिवारी ने 60 मरीजों का इलाज किया। उन्होंने बताया कि ज्यादातर मरीज जुकाम, खांसी व बुखार से पीड़ित रहे। छह मरीजों की मलेरिया की जांच करवाई गई। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मीरा व पूजा ने बताया कि बुखार की शिकायत है। चिकित्सक ने जांच कर दवाई दी है। कृष्णा व परवेज ने भी इलाज कराया। चिकित्सक टीम में वार्ड बॉय रीतेश सोनी, काउंसिलर बसंती देवी व एलटी प्रांशु मिश्रा आदि मौजूद रहे।
............
संचारी रोगों के प्रति जागरूक
लहरपुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकैचनपुर फरीदपुर में रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में डॉ. प्रज्ञा शरण आनंद ने 84 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाइयां दीं। उन्होंने लोगों को संचारी रोगों से बचाव व सजग रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि गर्मी व बारिश के कारण ज्यादातर मरीज वायरल फीवर, डायरिया, खांसी, जुकाम, त्वचा रोग व पेट संबंधी रोग के आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेले में आए मरीजों को आयुष्मान कार्ड व परिवार कल्याण अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया है।