सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में आए दिन मारपीट, फायरिंग, असलहा लहराने की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के लिए सिरदर्द बने पांच बदमाशों पर बड़ी कार्रवाई की गई। अफसरों से आदेश लेकर पांचों बदमाशों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई करने के 12 घंटे के भीतर शहर कोतवाल ने पुलिस टीम के साथ पांचों गैंगेस्टर्स को गिरफ्तार कर लिया है।
पांचों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह, शहर कोतवाल टीपी सिंह ने बताया कि शहर में पिछले कुछ समय से एक गैंग सक्रिय था, जो अलग-अलग स्थानों पर अक्सर मारपीट, फायरिंग कर दहशत फैलाना, असलहा दिखाकर डराने, धमकाने की घटनाओं को अंजाम देते थे, इससे लोगों में दहशत थी।
सीओ ने बताया कि इसको लेकर गिरोह के सदस्यों के खिलाफ पहले शहर कोतवाली इलाके में हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध असलहों की बरामदगी समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज किए गए थे।
सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि अपराध पर अंकुश लगाने की कार्रवाई करने की कड़ी में शहर कोतवाली पुलिस ने सक्षम अधिकारियों से अनुमति लेकर गैंग के पांच सक्रिय सदस्यों शहर कोतवाली इलाके के लोहारबाग निवासी मानस शुक्ला, प्रहलाद, खैराबाद इलाके के नाथ पुरी कालोनी निवासी चिंगू उर्फ शिवांश, हरदोई जिले के थाना बेनीगंज इलाके के जगदीश खेड़ा निवासी रामजी, शहर कोतवाली इलाके के आर्यनगर निवासी मन्नू मौर्या के खिलाफ गुरुवार को शहर कोतवाली में गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के 12 घंटे के भीतर शहर कोतवाली पुलिस ने पांचों गैंगेस्टर्स को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। गैंगेस्टर्स की गिरफ्तारी में शहर कोतवाल टीपी सिंह, एसआई निर्मल कुमार, एसआई शशांक पांडेय, सिपाही कपिल कुमार, अक्षय, संदीप सिंह, धीरेंद्र, प्रहलाद, अंबिकेश्वर, रामाश्रय शामिल रहे।