सीतापुर। जिले की नौ विधानसभाओं में 21 से 30 चरणों में वोटों की गिनती होगी। महज पांच से छह घंटे में कौन बनेगा विधायक, इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। सबसे पहले हरगांव व सेवता विधानसभा का परिणाम आएगा। इन विधानसभाओं में 20वें चरण की काउंटिंग में तस्वीर साफ हो जाएगी।
नौ विधानसभाओं के परिणाम गुरुवार को आएंगे। एक से दो बजे के बीच सभी विधानसभाओं के परिणाम तय हो जाएंगे। महज पांच से छह घंटे के अंदर जीत हार का नतीजे आ जाएंगे। महमूदाबाद व बिसवां में 14 टेबल बनाई गई है। जबकि सदर, सिधौली, लहरपुर, महोली, हरगांव, सेवता व मिश्रिख में 21 टेबल बनाई गई है।
अगर चरणवार की बात की जाए तो हरगांव व सेवता में 20वें राउंड की गिनती में परिणाम फाइनल हो जाएगा। एक राउंड की गिनती में करीब 15 मिनट लगेंगे। इसी तरह महोली में 23वें राउंड में परिणाम आ जाएगा। सदर विधानसभा में 23वें राउंड में परिणाम आएगा। लहरपुर में 21वें राउंड में तस्वीर साफ हो जाएगी। बिसवां में सबसे बाद में 30वें राउंड में परिणाम आएगा। महमूदाबाद में भी 30वें राउंड में परिणाम आएगा। सिधौली व मिश्रिख में 21वें राउंड में परिणाम की घोषणा हो जाएगी। एक से दो बजे तक जिले की सभी विधानसभाओं के परिणाम फाइनल हो जाएंगे।