पहले दौर के प्रधानी और पंच पदों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत पहले दिन सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय पर काफी चहल-पहल दिखी। नामांकन में जुलूस पर प्रतिबंधित लगने की वजह से विभिन्न पदों के दावेदार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मय समर्थकों के साथ ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे।
पहले चरण में सीतापुर के पांच ब्लॉकों में प्रधानी और पंच पदों के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जिन ब्लॉकों में यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है, उनमें सिधौली, गोंदलामऊ, मछरेहटा, मिश्रिख एवं पिसावां ब्लॉक शामिल हैं। सभी ब्लॉकों में 417 प्रधान व 5273 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चुनाव होने हैं। इन ब्लॉकों में नामांकन के लिए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे।
सोमवार सुबह से ही ब्लॉक मुख्यालयों पर संभावित दावेदारों समेत प्रस्तावकों एवं समर्थकों की भीड़ उमड़ने लगी थी। दोपहर को इनकी भीड़ देखने का लायक थी। सभी ब्लॉकों में लोगों ने कतारों में लगकर विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रशासन के मुताबिक मछरेहटा में 464 प्रधान व 470 पंच पदों के लिए नामांकन दाखिल हुए।
सिधौली में 522 प्रधान व 486 पंच के परचे भरे गए। इसी प्रकार मिश्रिख में 412 प्रधान व 612 पंच पदों के नामांकन दाखिल किए गए। गोंदलामऊ ब्लॉक में 340 प्रधान व 600 पंच पदों के लिए परचे दाखिल किए गए। पिसावां में प्रधान पद के लिए 523 व पंच पदों के लिए 247 लोगों ने नामांकन किया।
जमानत जमा करने को हुई धक्का मुक्की
प्रथम चरण के नामांकन के पहले दिन बैकों में भी मारामारी रही। पांच दिन के बाद खुले बैकों में जमानत धनराशि जमा करने के लिए लोग सुबह से लाइन में लग गये थे। वहीं नामांकन स्थलों पर भी जमानत धनराशि जमा करने की व्यवस्था की गई थी जहां लोग जमानत धनराशि जमा करने के लिए धक्का मुक्की करते देखे गए।
डीएम-एसपी ने किया दौरा
डीएम डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव व एसपी कवींद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को पहले दौर के पांचों ब्लॉकों का मुआयना किया और वहां की नामांकन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मुआयने में खामियां मिलने पर वह खासे नाराज भी दिखे। गोंदलामऊ में अदेयता प्रमाण पत्र बनाने में हो जा रही वसूली को लेकर डीएम ने बीडीओ को फटकार लगाई और एसडीएम व एसओ को जांच कर कार्रवाई के भी निर्देश दिए। दोनों अफसरों ने नामांकन स्थल पर एसडीएम व सीओ को पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
परचा तैयारियों को लेकर लोग रहे हलकान
सोमवार को भी पांचों विकास खंडों पर नामांकन करने वाले उम्मीदवारों के साथ ही अदेयता प्रमाण पत्र बनवाने, मतदाता सूची लेने, नामांकन पत्र लेने वाले की भीड़ जमा रही। इन लोगों को सुरक्षा में लगे लोग ब्लॉक के अंदर नहीं जाने दे रहे थे, जिससे लोग अपने कार्यों को लेकर सशंकित नजर आए। मौके पर मौजूद अफसरों को जानकारी को इसकी जानकारी दी गई, इसके बाद वह कैंपस में प्रवेश पा सके।
जुलूस पर रही सतर्क नजर
प्रथम चरण के नामांकन के पहले दिन ब्लॉकों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। प्रत्याशी के जुलूस न निकले इसको लेकर अफसर सतर्क नजर रख रहे थे, लेकिन फिर भी प्रत्याशी, प्रस्तावक व सर्मथक लोग समूह में विकास खंड पहुंच रहे थे जिन्हें सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी रोककर नामांकन स्थल के अंदर केवल प्रत्याशी व प्रस्तावक को जाने की इजाजत दी जा रही थी।