रेउसा (सीतापुर)। सदरपुर इलाके के जहांगीराबाद से दुकान बंद कर रिश्तेदार के साथ जा रहे एक युवक को रंजिश के चलते गोली मार दी गई। इससे युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के बाद हमलावर भाग निकले। खबर पाकर सीओ बिसवां व रेउसा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोली से जख्मी युवक को बिसवां सीएचसी में भर्ती कराया है।
रेउसा इलाके के बढ़ईडीह गांव निवासी सर्वेश यादव (30) पुत्र मैकू सदरपुर इलाके के जहांगीराबाद में सोलर पैनल बेचने का काम करता है। शुक्रवार की देर शाम सर्वेश अपनी दुकान बंद कर रिश्तेदार के साथ बाइक से वापस जा रहा था। जब वह रेउसा थाना क्षेत्र में गोधनी सरैंया के पास पहुंचा, तभी कुछ लोगों ने उसको पर गोली चला दी।
गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर भाग निकले। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर सीओ बिसवां समर बहादुर व एसओ रेउसा नोवेंद्र सिंह सिरोही मय फोर्स के मौके पर पहुंचे।
जांच के साथ ही पुलिस ने जख्मी युवक को सीएचसी भेजा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। एसओ का कहना है कि युवक को रंजिश में गोली मारी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जख्मी युवक का इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।