कमलापुर थानाक्षेत्र के कान्हमऊ स्थित बीएसएनएल टॉवर में शनिवार सुबह शार्ट सर्किट में आग लग गई। लपटों को देख हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकल दस्ते ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। हादसे में करीब 30 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।
बताते हैं कि शनिवार की सुबह करीब नौ बजे कान्हमऊ के निकट स्थित बीएसएनएल टावर में गार्ड विनोद ने जैसे ही जनरेटर चालू करने के लिए बटन दबाया अचानक शार्ट सर्किट से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आग लग गई।
गार्ड जब तक कुछ समझ पाता लपटों ने जेनरेटर समेत अन्य संयंत्रों व दस्तावेजों को चपेट में ले लिया। गार्ड ने दमकल विभाग के साथ बीएसएनएल के अफसरों को सूचना दी।
जानकारी पाकर सिधौली से दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा। अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में दस्तावेजों के अलावा करीब 30 हजार की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।