पिसावां(सीतापुर)। सीएचसी में आग बुझाने के इंतजाम नहीं हैं। अग्निशमन विभाग ने शनिवार को जब तैयारियां परखी तो पांच में महज दो ही सिलिंडर सही मिले। उपकरण खराब मिले। अगर सीएचसी में कोई अनहोनी हो जाए तो आग बुझाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं प्राइवेट अस्पतालों में भी तमाम खामियां मिलीं।
झांसी मेडिकल कॉलेज में हुई घटना के बाद अग्निशमन विभाग ने सीएचसी की तैयारियों का जायजा लिया। विभाग के प्रभारी राज बहादुर दुबे ने बताया कि सीएचसी पर पांच फायर सिलिंडर हैं। इसमें से महज दो ही चलते मिले। हाउजिंग नोजल उपलब्ध नहीं था। सीएचसी में टैरिस टैंक एक, हाइड्रेंट दो, होजरील तीन, फाायर सिलिंडर की संख्या चार मिली है।
फायर अलार्म नहीं मिला। चांदनी हॉस्पिटल में अग्निसुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मिले। बालाजी हॉस्पिटल व राधिका हॉस्पिटल की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। लाइफ लाइन नर्सिंग मदर केयर बेबी सेंटर में होजरिल सेल से पानी का प्रेशर नहीं आता हुआ मिला। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष चौधरी ने बताया कि अग्निशमन की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए उच्चधिकारियों को डिमांड भेजी गई है।