सीतापुर। दुकानदार को असलहा दिखाकर धमकाने के मामले में आरोपी सिपाही श्याम जी शुक्ला के खिलाफ शहर कोतवाली में रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। कोतवाली देहात के नैपालापुर गांव निवासी विवेक विश्वकर्मा की शहर में पुलिस लाइन रोड पर दुकान है। उनके अनुसार चार दिसंबर 2025 को एक काले रंग की कार से श्याम जी शुक्ला नाम का सिपाही उनकी दुकान पर पहुंचा।
सिपाही की तैनाती कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मालखाने में थी। दुकान पहुंचे सिपाही श्याम जी शुक्ला ने दुकानदार से गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। सिपाही दुकानदार से सोने की चेन मांग रहा था। जबकि दुकानदार का कहना था कि उसके दुकान पर 99 रुपये प्रति सामान बिकता है।
वहां सोने की चेन कहां से मिलेगी। आरोप है कि सिपाही ने जमकर उत्पात मचाया। इसका वीडियो उनकी दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी अुंकर अग्रवाल ने सिपाही को निलंबित कर दिया था। शहर कोतवाल अनूप शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।