रामपुर मथुरा (सीतापुर)। इलाके के सेमरी चौराहे पर अवैध रूप से संचालित जेपी हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। सीएचसी अधीक्षक ने अस्पताल सील करने के बाद संचालिका व दो डॉक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। बता दें कि महमूदाबाद सीएचसी में संविदा के तौर कार्यरत शर्मा देवी इस अस्पताल का संचालन कर रही थी। तीन दिन पहले सुजातपुर निवासी गुफरान ने अपनी पत्नी को यहां प्रसव के लिए भर्ती कराया था।
इस दौरान एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही जच्चा-बच्चा की हालत बिगड़ गई और दोनों की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया था। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया था। दो दिन पहले एसडीएम बालकृष्ण सिंह व सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार ने मृतका के पति के बयान दर्ज किए थे। सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर महमूदाबाद पुलिस ने शर्मा देवी, डॉ. आरके सिंह व डॉ. जेपी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर महमूदाबाद अनिल सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।